देहरादून। आशारोड़ी चेकपोस्ट पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस जवानों की वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार करीब छह से सात पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस जवानों की वैन सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रही थी। जैसे ही वैन आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास पहुंची, पीछे से आ रहे सीमेंट से लदे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वैन क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार जवान घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष क्लेमेनटाउन लोकपाल परमार ने बताया कि ट्रक ने पुलिस वैन को पीछे से टक्कर मारी है। हादसे में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।