सात दिवसीय मेले में दिखेगी उत्तराखंड की लोक संस्कृति और व्यापारिक विरासत की झलक, स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने पर दिया जोर
गौचर (चमोली)। उत्तराखंड की ऐतिहासिक व्यापारिक परंपरा और समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला शनिवार से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश की।
मेले का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला महज एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुए इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना था। उस दौर में गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों सहित कई स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था। समय के साथ मेले का स्वरूप विस्तृत हुआ और आज यह प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन हमारी लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ समाज को जोड़ने का काम करते हैं।

चमोली की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्व प्रसिद्ध चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। इस वीरभूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकता है।
पलायन रोकने के लिए स्वरोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित कर स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने पर काम किया जा रहा है, ताकि रोजगार की तलाश में उन्हें अपने गांव छोड़ने के लिए मजबूर न होना पड़े। इसके लिए पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। यह उपलब्धि प्रदेश की मातृशक्ति के परिश्रम और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।
रेल और सड़क परियोजनाओं से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली के विकास के लिए चारधाम सड़क परियोजना के तहत बद्रीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित कर सभी संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। इसके अलावा प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का आग्रह किया और इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।

दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत कर्णप्रयाग विकासखंड में 32.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गौचर नगरीय पेयजल योजना शामिल है। इसके साथ ही गैरसैंण विकासखंड में 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में दो हस्तियां सम्मानित
गौचर मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही राज्य की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चंद्रकला तिवारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



