डोईवाला। नगर पालिका डोईवाला के भानियावाला स्थित सेलिब्रेशन गार्डन में इगास बग्वाल की पूर्व संध्या पर पहाड़ी प्रजामंडल संस्था की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के श्री दीपक सिंह पंवार एवं उनकी टीम के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन देहरादून के महापौर श्री सौरभ थपलियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल ने स्थानीय जनता एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं से संवाद किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक त्योहारों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर चर्चा हुई।
महापौर ने कहा कि इगास बग्वाल जैसे पारंपरिक पर्व उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं। ये त्योहार हमारी लोक मान्यताओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक एकता को भी बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में नगर पालिका डोईवाला के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह नेगी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विनय कंडवाल, श्री सम्पूर्ण सिंह नेगी, श्री ईश्वर रौथाण, श्री प्रवेश कुमेडी सहित क्षेत्र के अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
पहाड़ी प्रजामंडल संस्था की इस पहल के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक त्योहार इगास बग्वाल को सामूहिक रूप से मनाने तथा भावी पीढ़ी तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने का संदेश दिया गया।



