हरिद्वार। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। रुड़की में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त करने वाले एक युवक को संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान आरोपी के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त 682 कैप्सूल और अल्प्राजोलम की 600 टैबलेट बरामद हुई हैं।

STF को गोपनीय सूचना मिली थी कि रुड़की स्थित जनता मेडिकल स्टोर का संचालक बिना वैध लाइसेंस के नशीली दवाओं का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर STF/ANTF की टीम ने औषधि निरीक्षक को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर पर मौजूद युवक से पूछताछ की गई और तलाशी ली गई। इस दौरान बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। टीम ने आरोपी से दवाओं के भंडारण और खरीद-बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस, दस्तावेज और चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन मांगे, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

गिरफ्तार युवक की पहचान इरशाद पुत्र गुलफाम (26 वर्ष), निवासी राजपुताबा, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीली दवाएं खरीदकर लाता था और उन्हें फुटकर में बेचकर अच्छा मुनाफा कमाता था। जांच में उसके पास दवाओं की खरीद-बिक्री और भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना गंगनहर, हरिद्वार में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई STF/ANTF की टीम और हरिद्वार के औषधि निरीक्षक हरीश सिंह की संयुक्त टीम ने की। STF उत्तराखंड की ओर से नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।