देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2022 में कुछ ही समय बचा है. ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है. पार्टी के नेता जनता के बीच जाकर नए-नए तरीके से प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. कांग्रेस पार्टी जहां लगातार बीजेपी सरकार पर निशाना साध रही है, वहीं अब बीजेपी हाईटेक तरीके से मैदान में उतर रही है. भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए 70 विधानसभाओं में मोटरसाइकिल उपलब्ध करा रही है।

देहरादून में भाजपा कार्यालय में, 70 विधानसभाओं के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए नई मोटरसाइकिल पार्टी ने मंगवाई है। भाजपा के प्रदेश महासचिव कुलदीप कुमार ने बताया कि पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी विधानसभाओं में नियुक्त समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए इन दोपहिया वाहनों का ऑर्डर दिया गया है. पार्टी द्वारा नियुक्त 70 विधानसभाओं में 70 कार्यकर्ता अगले 4 माह तक लगातार जनसंपर्क में रहेंगे और जनता से जुड़ेंगे और पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएंगे.

बीजेपी का कहना है कि 70 विधानसभाओं में कार्यकर्ताओं के समर्पण और ऊर्जा में और गति लाने के लिए पार्टी द्वारा विस्तारकों को ये दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं. ताकि पार्टी हर व्यक्ति से जुड़ सके। साथ ही उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अपने समर्पित कार्यकर्ता के काम को आसान बनाने के लिए पार्टी की ओर से यह राहत दी गई है. ये सभी दोपहिया वाहन पार्टी के नाम से पंजीकृत हैं और 70 विधानसभा में मौजूद 70 समर्पित कार्यकर्ताओं को ही उपयोग के लिए दिए जाएंगे।