क्रिसमस के तुरंत बाद, अगले दिन राज्य में मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता हैं। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के मुताबिक, एक बार फिर राज्य के गढ़वाल क्षेत्र के ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है। अन्य स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। मौसम का यह बदलाव 26 दिसंबर की दोपहर के बाद शुरू होगा। शनिवार को दोपहर से पहले आसमान साफ रहेगा | फिर शाम तक आसमान पर बादलों की मौजूदगी रहेगी।
27 तारीख को कुछ इलाकों में तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। अगले दिन, 28 दिसंबर को भी कमोबेश यही स्थिति रहेगी और बारिश में कुछ स्थानों पर तेजी आ सकती है। हालांकि, 29 तारीख को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उसके बाद मौसम सामान्य रहेगा। मौसम में बदलाव के कारण आने वाले दिनों में ठंड बढ़ सकती है।

