पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM

पेयजल मंत्री के गृह जिले में एक बार फिर पेयजल संकट गहरा गया है. स्थिति यह है कि मुख्यालय समेत कई इलाकों में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है. जिसके बाद गुस्साए लोग सड़कों पर उतर आए हैं. पेयजल की किल्लत से परेशान महिलाओं का कहना है कि दो बूंद पानी के लिए उन्हें दिन भर भटकना पड़ता है. लेकिन जल संस्थान उनकी समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है।

बरसात के दिनों में भी पिथौरागढ़ मुख्यालय में पेयजल को लेकर हंगामा होता है. आलम यह है कि लाख कोशिशों के बाद भी पेयजल विभाग लोगों का गला तर नहीं कर पा रहा है. यहां पेयजल विभाग तीन बड़ी योजनाएं चला रहा है. बावजूद इसके लोग पिछले एक सप्ताह से बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। स्थानीय लोग मीलों पैदल चलकर प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाकर काम कर रहे हैं।

गौरतलब है कि पिथौरागढ़ मुख्यालय में वर्तमान में आंवलाघाट, ठूलीगाड़ और घाट पंपिंग योजना से पानी की आपूर्ति की जा रही है. इसके बावजूद शहर के लोगों को पानी नहीं मिल रहा है. वहीं, पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल का कहना है कि जिला मुख्यालय में जिन इलाकों में संकट है. फिलहाल टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही पेयजल योजनाओं की मरम्मत का कार्य भी चल रहा है और जल्द ही लोगों को पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी.