रामनगर , PAHAAD NEWS TEAM

पिछले दिनों बारिश से आई आपदा से लोगों को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है. इस आपदा से लोगों के खेत और खलिहान के साथ-साथ घर भी प्रभावित हुए हैं. वहीं कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत ने आपदा प्रभावितों को एक एकड़ फसल के नुकसान के बदले सरकार से 20 हजार रुपये मुआवजे की मांग की है.

रणजीत सिंह रावत ने कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 18 अक्टूबर 19 अक्टूबर को आई भीषण आपदा ने पूरे कुमाऊं में कहर बरपा रखा था . जिसमें रामनगर क्षेत्र के कुछ गांव भी इससे प्रभावित हुए हैं. उन्होंने कहा कि आपदा से कई पीड़ितों के घर तबाह हो गए हैं, वहीं किसानों के खेतों में खड़ी और कटी हुई धान की फसल भी पूरी तरह से नष्ट हो गई है. उन्होंने कहा कि किसान जब अपने धान को कांटे पर तुलवाने जा रहे हैं तो उनके धान की तुलाई नहीं हो रही है क्योंकि पानी के कारण धान में नमी आ गई है.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे किसानों का धान खरीद ले या प्रत्येक किसान को ₹20000 प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जाए। वहीं उन्होंने कहा कि आपदा के चलते पशुपालकों के लिए चारे की समस्या गहराने लगी है. उन्होंने कहा कि सरकार को पशुपालकों को आर्थिक पैकेज भी देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और पूरे राज्य में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होगी.