पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
सीमांत जिले के बॉक्सर और कोच भास्कर भट्ट को इस साल द्रोणाचार्य लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. उनके नाम को खेल मंत्रालय ने इस पुरस्कार के लिए मंजूरी दे दी है।
पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय के सिनेमा लाइन निवासी भास्कर भट्ट ने कई बार भारतीय युवा पुरुष और महिला बॉक्सिंग टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली है। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने पोलैंड, पराग्वे, सर्बिया आदि देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी कई पदक जीते हैं। भास्कर वर्तमान में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के रोहतक केंद्र में तैनात हैं। उनकी शानदार उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें खेलो इंडिया नॉर्थ जोन कमेटी के सदस्य की जिम्मेदारी भी दी गई है। पिथौरागढ़ में अंतरराष्ट्रीय बाक्सर स्व. हरी सिंह थापा से बाक्सिंग की बारीकियां सीखने वाले भाष्कर देश को कई बाक्सर दे चुके हैं। उन्होंने पिथौरागढ़ जिले में लंबे समय तक बॉक्सिंग की ट्रेनिंग भी दी है।
पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल , विधायक चंद्रा पंत, पूर्व विधायक मयूख महर, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, ओलिंपिक संघ के जिलाध्यक्ष महेंद्र लुंठी ने कहा कि द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए स्वीकृति मिलना बड़ी उपलब्धि है. भाष्कर के बड़े भाई डॉ. धर्मेंद्र प्रकाश भट्ट वर्तमान में उत्तराखंड में खेल विभाग में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।


Recent Comments