मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 5 नवंबर को सांस्कृतिक पुनर्जागरण के लिए देश भर में भव्य कार्यक्रमों की योजना बनाई है, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर में पूजा करेंगे और आदि शंकराचार्य की समाधि का अनावरण करेंगे। यह जानकारी पार्टी महासचिव तरुण चुघ ने दी।
इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आदि शंकराचार्य की एक प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे, जिन्हें हिंदू धर्म को पुनर्जीवित करने का श्रेय दिया जाता है।
चुघ ने एक बयान में कहा कि मोदी की ऐतिहासिक केदारनाथ यात्रा को देखते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देश भर में भव्य सांस्कृतिक पुनर्जागरण कार्यक्रमों की योजना बनाई है. उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में चार धाम 12 ज्योतिर्लिंग और 87 प्रमुख मंदिर में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम, भी शामिल हैं.
उन्होंने कहा, ‘देश की सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखने और देश के सभी लोगों को इसके बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. प्रधानमंत्री की केदारनाथ यात्रा देश की आध्यात्मिक चेतना को एक नया आयाम देगी।
उन्होंने कहा कि पूज्य संत, आध्यात्मिक गुरु, केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों में इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में पार्टी प्रमुख नड्डा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे.
पार्टी नेता ने कहा कि केदारनाथ में मोदी के ‘ऐतिहासिक कार्यक्रम’ को देशभर के विभिन्न शिव मंदिरों में देखने की व्यवस्था की गई है.
उल्लेखनीय है कि 2013 में उत्तराखंड में आई भीषण बाढ़ के दौरान आदि शंकराचार्य की समाधि क्षतिग्रस्त हो गई थी और अब इसका पुनर्निर्माण किया गया है।
यह कार्यक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उत्तर प्रदेश और अन्य तीन राज्यों के साथ-साथ उत्तराखंड में भी अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं।

