गोपेश्वर , PAHAAD NEWS TEAM

चमोली जिले में पिंडर नदी के कटाव से सिमली फुट ब्रिज खतरे में है। लंबे समय से नदी के कटाव से पुल की नींव खोखली हो रही है। वहीं इस पुल के ऊपर से जनता का लगातार आना-जाना लगा रहता है. यह भविष्य में कभी भी बड़ा खतरा पैदा कर सकता है। ऐसा नहीं है कि इसकी शिकायत नहीं की गई है। लेकिन शिकायत के बाद भी संबंधित विभाग पुल की मरम्मत कराने की जहमत नहीं उठा रहा है. इससे अब स्थानीय निवासियों में भारी रोष है।

बरसात के दिनों में पिंडर नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल की नींव धीरे-धीरे खोखली होने लगी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शुरुआती दौर से ही उन्होंने संबंधित विभाग को पुल की स्थिति से अवगत कराया था, लेकिन विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया. अब पुल पूरी तरह खोखला होता जा रहा है।

बताया कि इस पुल से रोजाना दर्जनों गांवों के लोग आवाजाही कर रहे हैं, जो भविष्य में खतरा पैदा कर सकता है। इस पुल की सुरक्षा दीवार भी पूरी तरह से टूटने के कगार पर है. पुल के पास पिंडर नदी का कटाव जारी है। इससे विद्यापीठ आवासीय बस्ती के 50 से अधिक परिवार भी संकट में हैं।

डिमर की ग्राम प्रधान राखी डिमरी ने कहा कि प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को कई बार लिखित और मौखिक रूप से सूचित करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर पुल के कारण कोई अप्रिय घटना होती है तो ग्रामीण प्रशासन और सरकार के खिलाफ आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे.