देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
शहीद सम्मान यात्रा के आयोजन को सफल बनाने के लिए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सैनिक कल्याण विभाग व अन्य संबंधित विभागों की तैयारी समीक्षा बैठक ली थी . समीक्षा बैठक का आयोजन सैनिक कल्याण निदेशालय कालीदास रोड में किया गया था .
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 नवंबर को गढ़वाल संभाग में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की मौजूदगी में चमोली जिले के सवाड़ गांव से इसकी शुरुआत की जाएगी. . कुमाऊं मंडल में 20 नवंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में पिथौरागढ़ जिले के मुनाकोट से इसकी शुरुआत की जाएगी.
बैठक में कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 16 तारीख को पौड़ी जिले के कोटद्वार में 17 तारीख को रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि में शहीद सम्मान यात्रा के कार्यक्रमों से संबंधित सभी तैयारियां पूरी की जाएं.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 26 नवंबर को अल्मोड़ा में, 27 नवंबर को नैनीताल जिले के हल्द्वानी में और 28 नवंबर को जिला उधम सिंह नगर के खटीमा में शहीद सम्मान यात्रा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त सचिव एवं सैनिक कल्याण निदेशक मेजर योगेन्द्र यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्योति प्रसाद गैरोला, उप-निदेशक सैनिक कल्याण, कर्नल वी0एस0 रावत और सभी जिलों के सैनिक कल्याण अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे.

