मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में ग्राम सभा क्यारकुली भट्टा की ग्राम पेयजल समिति की अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान कौशल्या रावत ने अधीक्षण अभिंयता नमित रमोला, जल संस्थान मसूरी के अधिशासी अभियंता केसी पैन्यूली, सहायक अभियंता टीएस रावत, अभय भंडारी, कनिष्ठ अभियंता दीपक शर्मा, को जिला जल एवं स्वच्छता समिति के उपाध्यक्ष व मुख्य विकास अधिकारी नीतिका खंडेलवाल की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत में किए गए कार्यों की सराहना की और प्रधान मंत्री के संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान से बेहतर संचार के प्रदर्शन की सराहना की. कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान ने एक लाख पेड़ लगाने के संकल्प को पूरा करने का निर्णय लिया.

देश भर के गांवों के लिए मिसाल बना गांव

दून से करीब 30 किलोमीटर दूर मसूरी के पास क्यारकुली-भट्ठा गांव भी अपनी साफ-सफाई और संसाधनों से पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है. ग्राम प्रधान कौशल्या रावत ने बताया कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस गांव में 35 होमस्टे हैं। सीजन के दौरान यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। यहां सफाई पर गंभीरता से काम किया जाता है।

कौशल्या रावत ने बताया कि 10 लाख के फंड में से 2.5 लाख रुपये पेयजल व्यवस्था में सुधार और साढ़े सात लाख रुपये स्वच्छता व्यवस्था पर खर्च किए. 340 परिवारों के इस गांव में कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए ग्रामीणों ने करीब 22 हजार पौधे रोपे हैं। इसमें भी प्राकृतिक जल स्रोतों के आसपास पेड़-पौधे लगाकर जल संरक्षण का प्रयास किया गया है।