मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

पहाड़ों की रानी मसूरी का इकलौता सरकारी उप-जिला अस्पताल इन दिनों अव्यवस्थाओं की मार को झेल रहा है. अस्पताल में स्टाफ की कमी है। जिससे अस्पताल ठीक से नहीं चल पा रहा है। अस्पताल में डॉक्टर तो हैं, लेकिन स्टाफ, नर्स, चतुर्थ श्रेणी स्टाफ की कमी के कारण अस्पताल को चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इससे लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी के उप-जिला अस्पताल में सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर सरकार और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बड़ी बात की. लेकिन मसूरी में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर अस्पताल में कुछ भी उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि आईसीयू वार्ड करोड़ों रुपये से बना है, लेकिन इसे चलाने के लिए न डॉक्टर है और न ही स्टाफ।

आईसीयू वार्ड में ताले लटके हुए हैं। अस्पताल में आज तक ऑपरेशन थियेटर शुरू नहीं हुआ है। अस्पताल में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति ही नहीं की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर मसूरी का उप-जिला अस्पताल सफेद हाथी साबित हो रहा है.

आप नेता प्रकाश राणा ने कहा कि मसूरी में ही राज्य सरकार की स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुल रही है. राजधानी से महज 30 किमी दूर मसूरी उप-जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है. डॉक्टर को मसूरी में नियुक्त किया गया है। लेकिन यहां डॉक्टर नजर नहीं आ रहे हैं। कुछ डॉक्टरों को कहीं और लगाया गया है।

कई डॉक्टर समय पर नहीं आते, दोपहर 2 बजे के बाद अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं रहता. इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द ही मसूरी के उप-जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ नर्सों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं करती है, तो आम आदमी पार्टी एक उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी.

स्थानीय निवासी परमिंदर, आदित्य, अनिल आदि ने बताया कि मसूरी में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति खराब है. करोड़ों रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन यहां स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है. डॉक्टर द्वारा बाहर की दवाई मंगाई जाती हैं। इससे मरीज काफी परेशान हैं।