रुड़की , PAHAAD NEWS TEAM

हरिद्वार के रुड़की में एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. पीड़िता के पक्ष में भीम आर्मी के कार्यकर्ता लगातार पुलिस के खिलाफ हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. शनिवार शाम को भी भीम आर्मी के कार्यकर्ता रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पहुंचे। जहां पुलिस ने हंगामा कर रहे भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई और उन्हें भगा दिया. साथ ही हंगामा कर रहे दो नेताओं को हिरासत में ले लिया गया. वहीं पुलिस ने दोनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.

बता दें कि करीब बीस दिन पहले एक युवती ने पुलिस को शिकायत दी थी और गांव चौली सहाबुद्दीन निवासी एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर सिविल अस्पताल में युवती का मेडिकल कराया. वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई, लेकिन 20 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे. जहां उन्होंने हंगामा किया.

दो प्रदर्शनकारी पुलिस हिरासत में : वहीं, शनिवार की शाम एक बार फिर भीम आर्मी के पूर्व जिला महासचिव परवेज सुल्तान अपने कई समर्थकों के साथ सिविल लाइन कोतवाली पहुंचे. जहां उनकी पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। जिसके बाद पुलिस ने परवेज सुल्तान और खुर्शीद नाम के युवक को हिरासत में ले लिया .

एसआई ने क्या कहा: मामले में कोतवाली के एसआई रणजीत खनेडा ने बताया युवक दर्ज मुकदमे के विवेचक के साथ अभद्रता कर रहे थे . इसलिए परवेज सुल्तान और खुर्शीद नाम के दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि युवकों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.