श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद उत्तराखंड में सियासत गरमा गई है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को निराशाजनक बताया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं बल्कि बीजेपी नेता के तौर पर देहरादून में जनता को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा सिर्फ राजनीतिक फसल की सिंचाई के लिए था, इसके अलावा और कुछ नहीं था.

गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं, बेरोजगारी और महंगाई की बात नहीं की, बल्कि देहरादून से जुमले बरसाए, जिससे राज्य को कोई फायदा नहीं होने वाला है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं और बेरोजगारों को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री उनके लिए कुछ योजनाएं लाएंगे, लेकिन प्रधानमंत्री ने सिर्फ बयानबाजी से लोगों को धोखा दिया है.

श्रीनगर में गोदियाल ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा शुरू की गई ज्यादातर योजनाओं की शुरुआत कांग्रेस के शासन काल में ही हुई थी. सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से उत्तराखंड को क्या लाभ हैं?

गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री को राजनीतिक दलों पर कटाक्ष करने से बचना चाहिए था, विकास की बात करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने केवल राजनीति की बात की.