देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड इंटक लगातार अपने संगठन का विस्तार कर रहा है और श्रम कानूनों, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर आक्रामक है. इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में सदस्यता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग इंटक से जुड़े। इस मौके पर इंटक प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने श्रम कानून, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई को लेकर नौ दिसंबर को विधानसभा भवन का घेराव करने का आह्वान किया. उन्होंने बताया कि आज 50 से ज्यादा लोग इंटक से जुड़ चुके हैं और निश्चित रूप से इन सभी के आने से संगठन को काफी मजबूती मिलेगी.

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उत्तराखंड इंटक 9 दिसंबर को उत्तराखंड विधानसभा तक मार्च निकालेगी। इंटक नौ दिसंबर से देहरादून में शुरू हो रहे आगामी विधानसभा सत्र के दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विधानसभा भवन का घेराव करेगी. उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार आने से जनता काफी परेशान है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी उपक्रमों का निजीकरण कर रही है. इससे लाखों लोगों के रोजगार पर संकट गहरा गया है। इसके साथ ही बढ़ती महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं और आम जनता की कमर तोड़ दी है।

उन्होंने कहा कि इंटक बढ़ती महंगाई, निजीकरण, बढ़ती बेरोजगारी, श्रम कानूनों में बदलाव जैसे मुद्दों पर विधानसभा का घेराव करने जा रहा है, उन्होंने कहा कि विभिन्न संगठन इंटक के साथ विधानसभा घेराव में शामिल होने जा रहे हैं.