नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM
तमिलनाडु के कुन्नूर के पास बुधवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम तक उनका पार्थिव शरीर दिल्ली लाया जाएगा. कहा गया है कि दोनों का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दिल्ली छावनी में किया जाएगा. बता दें, रावत के गृह राज्य उत्तराखंड में राज्य सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है.
सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम तक सैन्य विमान से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेगा। शुक्रवार को पति-पत्नी के पार्थिव शरीर को उनके घर लाया जाएगा और लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक उनके अंतिम दर्शन की अनुमति होगी. उसके बाद उनकी अंतिम यात्रा कामराज मार्ग से दिल्ली छावनी के बराड़ चौराहा श्मशान घाट तक की जाएगी। अंतिम संस्कार के लिए उनकी छोटी बहन और भाई भी वहीं मौजूद रहेंगे।

बिपिन रावत ब्रेकिंग न्यूज़ : बिपिन रावत का पार्थिव शरीर आज शाम दिल्ली लाया जाएगा , शुक्रवार को होगा अंतिम संस्कार
उत्तराखंड से गहरा नाता
आपको बता दें कि दिवंगत बिपिन रावत का जन्म उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में हुआ था। उनका परिवार पीढ़ियों से देश की सेना में सेवा दे रहा है। उनके पिता लक्ष्मण सिंह रावत भी लेफ्टिनेंट जनरल रह चुके हैं।
सीसीएस बैठक में श्रद्धांजलि
इधर, बुधवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की सुरक्षा समिति (सीसीएस) की बैठक में दो मिनट का मौन रखा गया और हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई. प्रधानमंत्री आवास, लोक कल्याण मार्ग पर हुई इस बैठक में PM के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर मौजूद रहे.

