नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM

आज ही के दिन 1971 में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को युद्ध में हराया था। इस युद्ध की 50वीं वर्षगांठ को पूरा देश स्वर्ण विजय उत्सव के रूप में मना रहा है. इस मौके पर इंडिया गेट पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में सीडीएस जनरल बिपिन रावत भी शामिल होने वाले थे लेकिन 8 दिसंबर को एक विमान हादसे में उनकी मौत हो गई.

इस आयोजन को खास बनाने के लिए सीडीएस जनरल बिपिन रावत पूरे देश को न्योता देने वाले थे. इसके लिए उन्होंने एक वीडियो मैसेज भी रिकॉर्ड किया था, अगर वे आज हमारे बीच होते तो जनता को कुछ इस तरह संबोधित करते-

सीडीएस बिपिन रावत का मैसेज 7 दिसंबर को रिकॉर्ड किया गया था। दिवंगत सीडीएस जनरल बिपिन रावत का एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो संदेश दिल्ली के इंडिया गेट लॉन में दिखाया गया था। सीडीएस रावत के संदेश को ‘स्वर्णिम विजय पर्व’ के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में दिखाया गया. सीडीएस रावत ने भारतीय सेना के जवानों को बधाई देते हुए कहा कि 1971 के युद्ध में भारतीय सेना की जीत की 50वीं वर्षगांठ को विजय पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा था, इस पावन पर्व पर सशस्त्र बलों के वीर जवानों को नमन करते हुए मैं उनके बलिदान को नमन करता हूं। उन्होंने बताया था कि 12-14 दिसंबर तक इंडिया गेट पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. सीडीएस रावत ने अमर शहीदों की स्मृति में स्थापित अमर जवान ज्योति की लौ के सामने विजय पर्व के आयोजन को एक बड़ा सौभाग्य बताया था। उन्होंने सभी देशवासियों से विजय पर्व के उत्सव में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा था, ‘हमें अपनी सेनाओं पर गर्व है, आओ मिलकर जीत का त्योहार मनाएं।’ एक सैनिक के रूप में चार दशक से अधिक समय तक सेवा करने वाले बिपिन रावत ने ‘जय हिंद’ कहकर संदेश का समापन किया।