श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM

विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. राजनीतिक दल जनता के बीच पहुंचकर विधानसभा चुनाव में अपने पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड क्रांति दल ने भी कीर्तिनगर में जनसभा का आयोजन किया। जनसभा से पहले यूकेडी कार्यकर्ताओं ने मलेथा से चौरास तक रैली निकाली. जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

यूकेडी नेता दिवाकर भट्ट ने जनसभा को संबोधित करते हुए मौजूदा बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस ने राज्य को लूटा है। उन्होंने कहा कि यूकेडी ने राज्य के गठन के लिए लड़ाई लड़ी थी, अब यूकेडी भी राज्य को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। इस लड़ाई में जनता उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा-कांग्रेस को जवाब देगी.

दिवाकर भट्ट ने कहा कि लोग राज्य में मूल निवास चाहते हैं, लेकिन सरकार लोगों को उनके मूल निवास से दूर रखने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अधिवास के आधार पर ही सरकारी, गैर सरकारी रोजगार दिया जाना चाहिए. उन्होंने भाजपा-कांग्रेस पर देवप्रयाग विधानसभा को ठगने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके शासन काल में सड़कें बनी थीं, वे आज भी जस की तस हैं। यहां पानी की समस्या आज तक बनी हुई है।