टनकपुर, PAHAAD NEWS TEAM

रेल मंत्रालय ने टनकपुर-बागेश्वर ब्राडगेज रेल लाइन का फाइनल सर्वे शुरू कर दिया है. जिसकी जिम्मेदारी नोएडा की कार्यकारी संस्था इरकान इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड को दी गई है। मंगलवार को कार्यकारी संस्था के जूलोजिकल व एलाइंमेंटस के इंजीनियर टनकपुर पहुंचे और सर्वे का काम शुरू किया.

हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेलवे लाइन की मंजूरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी कुमार से मुलाकात की थी. अब टनकपुर में कार्यरत संस्था ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की मदद से सर्वे का काम शुरू कर दिया है. रेलवे लाइन बनने से क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को 154.58 किलोमीटर नई ब्राडगेज रेल लाइन के लिए पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। जिसके लिए 28.95 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिल चुकी है. यह रेल लाइन शारदा नदी के किनारे बागेश्वर तक जाएगी। जिसमें 80 फीसदी टनल पूर्णागिरि के ठूलीगाड़ इलाके से बनाई जाएगी.

रेलवे लाइन बनने से कारोबार को नए अवसर मिलेंगे

टनकपुर-बागेश्वर ब्राडगेज रेल लाइन चीन और नेपाल के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब है। इस वजह से यह रेलवे लाइन रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। यह रेखा नए व्यापारिक केंद्रों को भी जोड़ेगी और भविष्य में इसका बहुत लाभ होगा। इस रेल लाइन की मांग दशकों से की जा रही है।