टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड जन एकता पार्टी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पार्टी को जारी चुनाव चिन्ह सिलिंडर का विधिवत शुभारंभ किया. इस मौके पर हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री दिनेश धनै ने भी आगामी विधानसभा चुनाव 2022 का बिगुल फूंका।

उत्तराखंड जन एकता पार्टी ने आज पार्टी कार्यालय के पास केंद्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित एक समारोह में पार्टी के पदाधिकारियों के द्वारा विधिवत वेद मंत्रोचारण के साथ पूजा-अर्चना कर चुनाव चिन्ह का लोकार्पण किया। इस दौरान उजपा के केंद्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री दिनेश धनै ने कहा कि क्षेत्रीय दल का गठन जनभावनाओं के अनुरूप हुआ है. भारतीय चुनाव आयोग की ओर से पार्टी को सिलिंडर चुनाव चिन्ह दिया गया है। उन्होंने लोगों से क्षेत्र के विकास के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में उजपा को मजबूत करने की अपील की है.

भाजपा पर हमला बोलते हुए धनै ने कहा कि उनके द्वारा पिछले कार्यकाल में 450 लोगों को हिंदुस्तान कंपनी में रोजगार दिया गया था, लेकिन चुनाव जीतकर भाजपा विधायक ने उन लोगों को वहां से हटा दिया और अपने एनजीओ के जरिए बाहरी लोगों को नौकरी मिल गई. उन्होंने कहा कि यह जीरो टॉलरेंस की भाजपा सरकार के राज्य और जिला नेतृत्व के कामकाज पर भी सवाल खड़ा करता है। ये जनप्रतिनिधि नौकरी देने वाले नहीं, नौकरी छीनने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि पांच साल बीत जाने के बाद भी उन्होंने जो योजनाएं छोड़ी थीं, वे कहां पड़ी हैं. उन्होंने कहा कि टिहरी में विकास योजनाओं के साथ-साथ रोजगार के नए साधन जुटाए जाएंगे. जल्द ही पार्टी अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेगी।