श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM
चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के वेदीखाल में आयोजित भाजपा जन आशीर्वाद कार्यक्रम में सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी गई. वहीं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य भाजपा में शामिल हुए.
भाजपा के जन आशीर्वाद कार्यक्रम में सैंधार, भरोली और फरसाडी न्याय पंचायत के 40 से अधिक ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य भाजपा में शामिल हुए. कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सभी को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई। सतपाल महाराज ने जन आशीर्वाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनता सच और झूठ का फर्क समझती है. भाजपा सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र और राज्य में बीजेपी की सरकार है.
सतपाल महाराज ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रदेश समेत पूरे देश में विकास की गंगा बह रही है. उत्तराखंड में पलायन एक बड़ी समस्या, इसे रोकने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है. पर्यटन, होमस्टे और धार्मिक पर्यटन के माध्यम से हम आर्थिक रूप से सक्षम बन सकते हैं। इससे निश्चित तौर पर पलायन रुकेगा। इससे पूर्व उन्होंने विधायक निधि से निर्मित चोरखिडा ग्राम सभा मोटर मार्ग का लोकार्पण किया.
वहीं, राजकीय महाविद्यालय वेदीखाल में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में महाविद्यालय को विज्ञान वर्ग की मान्यता दिलाने के लिए क्षेत्रीय जनता एवं विद्यार्थियों ने सतपाल महाराज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्रों को अब विज्ञान पढ़ने के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। कॉलेज के लिए गर्ल्स हॉस्टल की घोषणा कर दी गई है। इसके साथ ही कॉलेज के चारों ओर तार की बाड़ लगाने की भी मंजूरी दे दी गई है।

