श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM
कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने आज श्रीनगर विधानसभा के तहत विकासखंड खिर्सू में विभिन्न सड़कों का शिलान्यास और लोकार्पण किया. स्थलीय भ्रमण के दौरान लोगों ने फूलों की माला से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मंत्री रावत ने ग्रामीणों का हालचाल भी जाना। अपने दौरे के दौरान उन्होंने जलेथा में 55 महिलाओं को घस्यारी किट भी बांटी।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 10 लाख की लागत से गहड़ से नारायण खेत तक मोटर रोड का लोकार्पण, 10 लाख की लागत से उडला-अंदरगड़ी टोक से जलेथा तक मैसिंग लिंक मार्ग और 44.12 लाख की लागत से चमेला-कट्टाखोली मोटर मार्ग (द्वितीय चरण) का शिलान्यास किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्षों से मोटर रोड की मांग कर रहे ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है. राज्य सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है, सरकार का लक्ष्य हर गांव को सड़क से जोड़ना है. जिससे आम आदमी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
मंत्री रावत ने कहा कि सरकार लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है. राज्य भर में पुरानी सड़कों का सुधार और पुलों का निर्माण किया गया है. साथ ही कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार लोगों के हित में काम कर रही हैं. शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर कॉलेज खोले गए हैं और स्कूलों को मैट फ्री कर दिया गया है.
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधा के लिए घस्यारी किट का वितरण किया जा रहा है. श्रीनगर विधानसभा की सभी ग्राम पंचायतों में प्रयोगशालाएं खोली जाएंगी. जिससे ग्रामीणों को वहां की किताबों से तरह-तरह की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और घर बैठे स्वरोजगार अपनाकर अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात कही.

