देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
हरियाणा की तर्ज पर ग्रेड पे स्केल देने समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्य के एनएचएम कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. वहीं सरकार एनएचएम कर्मियों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है. ऐसे में देर शाम एनएचएम के कर्मी देहरादून यमुना कॉलोनी स्थित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं.
बता दें कि एनएचएम के कर्मी अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं. प्रदर्शनकारियों में महिलाओं की संख्या काफी है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि जब तक उन्हें अपनी मांगों को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता तब तक वे यहां से नहीं उठेंगी.
एनएचएम कर्मियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर बातचीत भी हुई. बातचीत के दौरान एनएचएम कर्मियों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को एक महीने के भीतर पूरा कर दिया जाएगा. लेकिन उनकी मांगों को अनसुना कर दिया गया, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। इसलिए मजबूर होकर उन्हें आंदोलन करना पड़ा।
एनएचएम कर्मचारियों ने सरकार से हरियाणा की तरह वेतनमान की मांग की है। एनएचएम में आउटसोर्सिंग के जरिए हो रही भर्तियों को तत्काल रोका जाए। साथ ही वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों की भर्ती जिला स्वास्थ्य समिति या राज्य के माध्यम से की जाए। एनएचएम कर्मचारियों ने भी एनएचएम में आउटसोर्सिंग कर्मियों को समायोजित करने की मांग उठाई है।

