पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM

राज्य के छह हेलीपैड पर हेलीपोर्ट निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया गया है। इन हेलीपैडों पर नियमित हवाई सेवा संचालन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। कठिन भूगोल को देखते हुए सरकार राज्य में हवाई सेवाओं का विस्तार करने का प्रयास कर रही है।

इसी क्रम में सरकार मौजूदा हेलीपैड को अपग्रेड कर उसे हेलीपोर्ट के रूप में विकसित करने में लगी हुई है। फिलहाल हेलीपैड पर सिर्फ हवाई पट्टी उपलब्ध है। अब इन्हें एक से ज्यादा हेलिकॉप्टर पार्क करने लायक बनाया जा रहा है। इसके अलावा हैंगर, यात्री टर्मिनल, फायर बिल्डिंग, वॉच टॉवर और बाउंड्री वाल का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए नागरिक उड्डयन विभाग ने बजट जारी कर दिया है। इस वित्तीय वर्ष में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

चालू बजट

गौचर – 16.98 करोड़
चिन्यालीसौड – 6.40 करोड़
अल्मोड़ा – 14.90 करोड़
हल्द्वानी – 9.49 करोड़
कोटि कॉलोनी – 11.88 करोड़
सहस्रधारा – 34.28 करोड़

पिथौरागढ़ के लिए हेली सेवा जल्द

इस बीच, उकाडा देहरादून से वाया अल्मोड़ा होते हुए पिथौरागढ़ के लिए राज्य सरकार की हेलीसेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। इस रूट पर दो ऑपरेटरों ने सेवा के लिए आवेदन किया है। चूंकि यह सेवा राज्य सरकार द्वारा संचालित की जाएगी, इसलिए इसका किराया अधिकतम पांच हजार तक होगा, जो मौजूदा सेवा से कम है। इसी क्रम में उकाडा ने अल्मोड़ा हेलीपैड के निरीक्षण के लिए डीजीसीए को पत्र लिखा है। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमलेश मेहता के मुताबिक, इस सप्ताह डीजीसीए का निरीक्षण किए जाने की उम्मीद है. उसके बाद सेवा को कभी भी शुरू किया जा सकता है। इसके साथ ही पवन हंस लिमिटेड अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ के लिए एक और हेली सेवा शुरू करने की तैयारी में है।