चमोली , PAHAAD NEWS TEAM
गोपेश्वर में भाजपा की विजय संकल्प रैली निकाली गई. जिसमें बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत और बीजेपी प्रदेश अध्य्क्ष मदन कौशिक ने हिस्सा लिया. जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। कैलाश विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में कहा कि अगर 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार आती है तो विकास और रोजगार की बहार आएगी .
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों के कार्यों से आने वाले समय में युवाओं को पर्यटन और तीर्थाटन से रोजगार मिलेगा. विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास कर रहा है। सीमा की सुरक्षा के लिए पहली बार सेना को भी खुली छूट दी गई है।
तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य पार्टियों को वोट मांगने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि उनके समर्थक देश के विभाजन के नारे लगाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड को न केवल चारधाम सड़क परियोजना से जोड़कर, बल्कि रेलवे से भी जोड़कर राज्य के तीर्थ और पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है. आने वाले समय में यहां 12 महीने की तीर्थ यात्रा और पर्यटन की सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं गढ़वाल के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में स्वतंत्र भारत में पहली बार विकास के ऐतिहासिक कार्य हुए हैं. जो कांग्रेस कार्यकर्ता पहले उन्हें काले झंडे दिखाने से नहीं हिचकिचाते थे, वही कार्यकर्ताओं ने सरकार के विकास कार्यों के लिए उनका स्वागत और बधाई दी है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने हरीश रावत के ट्वीट पर तंज कसा और कहा कि राज्य जनता का मजाक उड़ाने वाला नेतृत्व नहीं चाहता। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बीजेपी को समर्थन देने की बात कही. बद्रीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट द्वारा सड़क निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य में किए गए कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखा गया. गोपेश्वर में भाजयुमो की बाइक रैली में निकली।

