रामनगर , PAHAAD NEWS TEAM

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पीरुमदारा से लेकर रामनगर तक बाइक रैली निकाली. इसके साथ ही आप के सीएम उम्मीदवार अजय कोठियाल का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कोठियाल ने जनता को संबोधित किया और आप के समर्थन में वोट करने की अपील की.

कर्नल अजय कोठियाल ने पैठपड़ाव स्थित प्रोग्रेसिव कल्चरल हिल कमेटी के प्रांगण में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों को बारी-बारी से राज्य की जनता ने सत्ता दी, लेकिन दोनों सरकारें लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. दोनों पार्टियों ने राज्य और जनता को लूटने का काम किया है.

उन्होंने कहा कि बीजेपी मुख्यमंत्री बनाने की फैक्ट्री है. आज सत्ता में बैठी भाजपा का लोगों के दुख दर्द से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड में कांग्रेस को जीरो बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता आपस में लड़ने में लगे हैं तो वे राज्य के विकास के लिए क्या करेंगे? पहले कांग्रेस को अपनी गुटबाजी खत्म करनी चाहिए।

उन्होंने जनता से 2022 में होने वाले चुनावों को लेकर सावधान और सतर्क रहने को कहा। वहीं, भाजपा और कांग्रेस को राज्य की सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने की बात करते हुए उन्होंने आप की सरकार बनाने की बात कही। कोठियाल ने कहा कि हमारी पार्टी पिछले 6 महीने से उत्तराखंड के कोने-कोने में जाकर लोगों की समस्याएं सुन रही है. पार्टी मुख्य रूप से राज्य में रोजगार में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करेगी।