मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

नए साल की पूर्व संध्या पर पहाड़ों की रानी मसूरी को जाम से मुक्त रखने के लिए कुछ योजनाएं बनाई गई हैं. लेकिन पुलिस के इस प्लान ने आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. पुलिस के नए आदेश से मसूरी आने वाले पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

दरअसल, नए साल पर भीड़ को नियंत्रित करने और ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए मसूरी पुलिस ने उत्तराखंड परिवहन निगम को देहरादून के लिए बसों को पिक्चर पैलेस और लाइब्रेरी बस स्टैंड से नहीं बल्कि 2 किमी नीचे पेट्रोल पंप से संचालित करने का आदेश दिया है । ऐसे में उत्तराखंड रोडवेज की बसें देहरादून से मसूरी आने वाले यात्रियों को बस से पेट्रोल पंप के पास स्टैंड से दो किमी पहले उतार रही हैं.

मसूरी पुलिस के इस आदेश से टैक्सी संचालकों की बल्ले-बल्ले हो गई हैं । क्योंकि टैक्सी संचालक पेट्रोल पंप से मसूरी पिक्चर पैलेस और लाइब्रेरी बस स्टैंड तक आने के लिए प्रति सवारी 50 से 100 रुपये चार्ज कर रहे हैं। परेशानी को देखते हुए कई पर्यटक पेट्रोल पंप से देहरादून वापस जा रहे हैं।

मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव जगजीत कुकरेजा ने भी रोडवेज बसों को दो किलोमीटर पहले रोके जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने सीओ से मांग की है कि मसूरी में भीड़ न के बराबर है . ऐसे में रोडवेज की बसों को 2 किलोमीटर पहले रोकना उचित नहीं है। उन्होंने सीओ मसूरी से आग्रह किया कि बसों का संचालन मसूरी बस स्टैंड से ही किया जाए.