देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में टीजी2 से जेई पद पर पदोन्नति पाने वाले ऊर्जा निगम के अधिकारियों के तबादले पर रोक लगाने के आदेश दिए गए हैं. इन तबादलों को फिलहाल टालने के निर्देश प्रबंध निदेशक की ओर से दिए गए हैं।
हाल ही में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड में टीजी2 से जूनियर इंजीनियर यानी जेई के पदों पर पदोन्नति के बाद तबादले किए गए थे। इन तबादलों में मैदानी जिलों को प्रमुखता देने के मद्देनजर यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार यादव ने इन आदेशों पर रोक लगा दी है. जिसके बाद तबादलों को स्थगित करते हुए निर्देश दिया गया कि अब सभी मुख्य अभियंताओं को कोई भी स्थानांतरण करने से पहले प्रबंध निदेशक कार्यालय से अनुमति लेनी होगी.
दरअसल, ऊर्जा निगम में कर्मचारियों द्वारा पहाड़ों से मैदान की ओर जाने का जबरदस्त दबाव विभाग पर डाला जा रहा है. इसे देखते हुए प्रबंध निदेशक ने यह फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि मैदानी जिलों में अपनी तैनाती करवाने के लिए कई लोग राजनीतिक और आधिकारिक संबंधों का सहारा ले रहे हैं. इसी दबाव को देखते हुए प्रबंध निदेशक कार्यालय की ओर से यह आदेश दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक करीब 176 पदों पर जेई का तबादला होना था। जिनमें से कई जेई का तबादला मुख्य अभियंताओं द्वारा किया गया। ऐसे में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकारियों की उचित तैनाती की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

