नैनीताल , PAHAAD NEWS TEAM
गरमपानी जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी में 85 छात्रों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन में हड़कंप मच गया है. छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव (नवोदय विद्यालय के छात्र कोरोना पॉजिटिव) आने के बाद सभी छात्रों को स्कूल में ही आइसोलेट कर दिया गया है. वहीं निगेटिव पाए गए छात्रों को स्कूल से घर भेज दिया जाएगा। हालांकि स्वास्थ्य जांच के बाद छात्रों को घर भेजने पर प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और स्कूल प्रबंधन फैसला लेगा.
बता दें कि इससे पहले प्राचार्य समेत 11 बच्चे कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी बच्चों की जांच कराई. जिसमें 85 छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी में पूर्व में आरटी पीसीआर टेस्ट के जरिए स्कूल स्टाफ और छात्रों के सैंपल लिए गए थे. दूसरे दिन आई रिपोर्ट में स्कूल के प्राचार्य समेत करीब 11 छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए। हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष कैंप लगाकर करीब 496 छात्रों के सैंपल जांच के लिए भेजे। रिपोर्ट में स्कूल के 85 छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एक साथ 85 छात्रों के संक्रमित पाए जाने से हड़कंप मच गया है।
डिप्टी कलेक्टर राहुल साह ने बताया कि स्कूल को पहले ही माइक्रो कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है. वहीं, बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमितों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी तेज कर दी है. नैनीताल सीएमओ भागीरथी जोशी ने कहा कि सभी संक्रमित छात्रों को स्कूल में ही आइसोलेट किया गया है, छात्रों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है. डॉक्टरों की एक विशेष टीम छात्रों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी करेगी।

