श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला श्रीनगर के मरखोड़ा गांव का है। जहां मवेशियों के लिए चारा पत्ते लेने जंगल में गई एक बुजुर्ग महिला पर भालू ने हमला कर दिया. जिससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। आनन-फानन में घायल महिला को निजी वाहन से इलाज के लिए बेस अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार मरखोड़ा गांव निवासी 52 वर्षीय कांति देवी मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल में गई थी. इसी दौरान भालू ने महिला पर पीछे से हमला कर दिया। वहीं, महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। जिसे देखकर भालू भाग गया। जिसके बाद महिला को खून बहने की स्थिति में बेस अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक केपी सिंह ने बताया कि घायल अवस्था में महिला को अस्पताल लाया गया. महिला को सर्जरी वार्ड में भर्ती कराया गया है। उनके शरीर पर कई गहरे घाव हैं, डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.

