देहरादून: Pahaadnews Tema, Dehradun
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस महासचिव हरीश रावत ने सोनिया गांधी व मायावती को भारत रत्न दिए जाने की वकालत की है। उन्होंने कहा है सोनिया गांधी मायावती जी, दोनों प्रखर राजनैतिक व्यक्तित्व हैं। आप उनकी राजनीति से सहमत और असहमत हो सकते हैं, मगर इस तथ्य से आप इनकार नहीं कर सकते हैं कि सोनिया जी ने भारतीय महिला की गरिमा और सामाजिक समर्पण व जनसेवा के मापदंडों को एक नई ऊंचाई व गरिमा प्रदान की है, आज उन्हें भारत की नारीत्व का गौरवशाली स्वरूप माना जाता है। सुश्री मायावती जी ने वर्षों से पीड़ित-शोषित लोगों के मन में एक अद्भुत विश्वास का संचार किया है, भारत सरकार को चाहिये कि इन दोनों व्यक्तित्वों को इस वर्ष का भारत रत्न देकर अलंकृत करें। ये बात उन्होंने अपने सोशल साइट पर शेयर की।
उधर बसपा ने इसे सार्वजनिक रूप से मूर्ख बनाने की रणनीति करार दिया। बसपा ने रावत को जवाब देते हुए कहा कि ऐसी बातों से मूर्ख मत बनाइये। बसपा ने कहा है हमने कांग्रेस की शासन में कांशीराम के लिए भी इसी सम्मान की मांग की थी। लेकिन जब कांग्रेस सत्ता में थी तो उसने इसके लिए कुछ नहीं किया। अब जब वे सत्ता में नहीं हैं तो ऐसी मांग कर रहे हैं।

भाजपा ने भी इसका विरोध किया भाजपा ने भी रावत को जवाब दिया है। बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन ने कहा कि जो लोग अदालती मामलों का सामना कर रहे हैं, उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान देकर रावत गलत मिसाल कायम करना चाहते हैं। भसीन ने सवाल किया कि जमानत पर बाहर किसी व्यक्ति को भारत रत्न सम्मान देना ठीक होगा?



