देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं. अब राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज एक बार फिर कोरोना संक्रमित हो गए हैं. सतपाल महाराज पॉजिटिव आने के बाद लाल डालनवाला स्थित अपने आवास पर आइसोलेट हो गए हैं। वहीं, सतपाल महाराज कैबिनेट बैठक में शामिल नहीं हुए.

सतपाल महाराज के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उनके स्टाफ के 20 से ज्यादा लोगों का सैंपल लिया गया है. इसके साथ ही पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के संपर्क में आए अन्य लोगों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं। वहीं सतपाल महाराज ने कहा है कि मेरे संपर्क में आने पर आप ऐहतियात के तौर पर अपना टेस्ट करा लें.

बताया जा रहा है कि बुधवार को दोपहर सतपाल महाराज को कुछ परेशानी हुई. जिसके बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट करवाया। जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इससे पहले राज्य के स्वास्थ्य सचिव पंकज पांडे और उनकी पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

पहले भी हो चुके हैं संक्रमित: आपको बता दें कि साल 2020 में भी कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उनके परिवार के सदस्य और स्टाफ सदस्य कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं. सतपाल महाराज और उनके परिवार के सदस्यों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने उनकी कोठी के इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया था. इतना ही नहीं सतपाल महाराज ने कोरोना संक्रमित होने से पहले कैबिनेट बैठक में हिस्सा लिया था. जिसके बाद कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए अन्य सभी मंत्रियों को भी होम क्वारंटाइन कर दिया गया।