मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है. इस घटना पर आक्रोश जताते हुए बीजेपी मसूरी मंडल ने शहीद भगत सिंह चौक पर पंजाब के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की. भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शहीद भगत सिंह चौक पर जमा हुए और प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक पर पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की ।

इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सुरक्षा में चूक साबित करती है कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने देश के प्रधानमंत्री की जान से खिलवाड़ करने की कोशिश की है. जिसकी भाजपा ही नहीं बल्कि पूरा देश निंदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अतीत में अपने दिग्गज नेताओं की सुरक्षा में चूक के कारण शहादत दी है, इससे कांग्रेस को सबक लेना चाहिए. क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी पार्टी के पहले नहीं बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने घटना की जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है. उन्होंने कहा कि इस घटना ने साबित कर दिया कि कांग्रेस पार्टी देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर है, उन्होंने कहा कि देश की जनता इस तरह की हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी. इस मौके पर भाजपा महासचिव कुशाल राणा, महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा पडियार, अमित भटट, पालिका सभासद अरविंद सेमवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित पंवार, धर्मपाल पंवार, कपिल मलिक, सपना शर्मा, राजेश्वरी नेगी, मनोज रेंगवाल, राकेश ठाकुर,विजय बुटोला, सोबन सिंह मेहरा, अभिलाष सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।