देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

राज्य में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं. इसी क्रम में अब उत्तराखंड सचिवालय परिसर में अधिकारियों-कर्मचारियों को छोड़कर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. जिसके बाद बाहरी लोग काम के लिए सचिवालय में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।

गौरतलब है कि राज्य में कोरोना के बढ़ते मामले तीसरी लहर की ओर इशारा कर रहे हैं. वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड सचिवालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को छोड़कर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. बता दें कि उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने रात्रि कर्फ्यू के समय में बदलाव किया है. अब राज्य में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रात का कर्फ्यू रहेगा।

बता दें कि उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामलों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. पिछले 24 घंटे के भीतर राज्य में 630 नए कोरोना मरीज मिले हैं. 4 जून 2021 के बाद आज 6 जनवरी को सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं, जिससे सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1425 हो गई है। जबकि, आज 3 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। वहीं, आज 128 मरीजों ने कोरोना को मात दी है.