हरिद्वार , PAHAAD NEWS TEAM
हरिद्वार में हुए धर्म संसद अभद्र भाषा मामले में प्रशासन सख्त नजर आ रहा है. ऐसे में जिलाधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि किसी भी वर्ग को माहौल खराब नहीं करने दिया जाएगा, जो भी वर्ग हरिद्वार में माहौल खराब करने की कोशिश करेगा. प्रशासन द्वारा सख्ती से निपटा जाएगा। वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर उन्होंने कहा कि कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
बता दें कि धर्म संसद अभद्र भाषा मामले में पुलिस प्रशासन अपने स्तर से कार्रवाई में जुटा है. इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. साथ ही इस मामले में चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है. ऐसे में अब जिलाधिकारी ने साफ कर दिया है कि हरिद्वार में किसी भी हाल में माहौल नहीं बिगड़ने दिया जाएगा. साथ ही अराजक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
वहीं जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर राज्य स्तर पर अधिकारियों की बैठक हो रही है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरे जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों की जांच की जा रही है. आने वाले दिनों में मकर संक्रांति स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शासन स्तर पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं.
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने बताया कि कोरोना के दिशा निर्देशों का पालन किया जा रहा है. शासन स्तर से आगे जो भी निर्देश होंगे, उनका पालन किया जाएगा। मास्क का इस्तेमाल, हैंड सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। मकर संक्रांति स्नान को लेकर फिलहाल इंतजार की स्थिति बनी हुई है। जो भी आदेश होगा उसका पालन किया जाएगा।

