चंपावत , PAHAAD NEWS TEAM
पाटी विकासखंड की सबसे अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायत खरही के मतदान केंद्र राप्रावि बुंगा तक सड़क सुविधा नहीं होने से मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है. बूथ में 10 गांवों में 950 मतदाता हैं। सड़क की सुविधा नहीं होने से मतदाता आक्रोशित हैं। इनमें से कुछ गांवों के मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है.
खरही ग्राम पंचायत के अंतर्गत क्वैराली, तल्ली खरही, मल्ली खरही, ईजर, बैजगांव, दियार चौड़ा, नाखोड़ा, ल्वारूड़ा, चौड़ा और कोट गांव आते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इन गांवों के लिए भिगराड़ा से लिंक रोड काटी गई है, लेकिन इसका लाभ सिर्फ दो गांवों को मिल रहा है. तल्ली खरही के समाजसेवी नवीन नाथ गोस्वामी ने कहा कि सरकारी प्राथमिक विद्यालय बुंगा में बने मतदान केंद्र तक सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण बहुत कम संख्या में लोग मतदान करने पहुंचेंगे. नियमानुसार मतदान केंद्र तक सड़क का होना जरूरी है। बताया कि मतदान केंद्र के पास जूनियर हाईस्कूल, पंचायत भवन, श्रीकृष्ण लीला मंच, आंगनबाड़ी केंद्र, बेलेश्वर महादेव मंदिर हैं. सड़क की सुविधा नहीं होने से स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण ध्यान सिंह अधिकारी, नारायण सिंह, भरत सिंह, सूरज सिंह, जगदीश राम, शंकर शर्मा, प्रेम नाथ आदि ने बताया कि इस बार ग्राम पंचायत खरही में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 950 हो गई है. बूथ तक सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण अधिकांश बुजुर्ग और महिला मतदाताओं तक पहुंचना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क सुविधा के लाभ की मांग कर रहे हैं, लेकिन न तो जनप्रतिनिधियों ने और न ही प्रशासन ने इस पर ध्यान दिया. बताया कि तल्ली खरही, मल्ली खरही एवं क्वैराला गांव के लोगों ने मतदान में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है. इस संबंध में अंतिम फैसला 20 फरवरी को होने वाली बैठक में लिया जाएगा।

