मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

राज्य में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए आदर्श आचार संहिता लागू है. वहीं दूसरी ओर कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर उत्तराखंड पुलिस पर काफी दबाव है. पहाड़ों की रानी मसूरी में पुलिस कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है.

आदर्श आचार संहिता को प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी देहरादून ने जिले के थानों को चुनाव को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर हिस्ट्रीशीटरों पर नजर रखने, सक्रिय अपराधियों के खिलाफ गुंडा/गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. साथ ही वर्तमान में कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत बिना मास्क, डिस्टेंसिंग के उल्लंघन करने वालों के चालान करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

इसके तहत सोमवार को कार्रवाई करते हुए मसूरी पुलिस ने चुनाव में अशांति फैलाने के डर से कुल 70 आपराधिक किस्म के लोगों के खिलाफ सीआरपीसी अधिनियम 107/116 के तहत कार्रवाई की. साथ ही बिना मास्क के 5 चालानों पर 2500 रुपये, सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर 10 चालान किए जिसमें 1000 रुपये प्रति चालान का जुर्माना लगाया गया है.