मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड टैक्सी मैक्सी फेडरेशन ने चुनाव में कम किराए पर वाहन उपलब्ध कराने को लेकर अपनी असहमति जताते हुए उत्तराखंड परिवहन आयुक्त को पत्र लिखा है. उत्तराखंड टैक्सी मैक्सी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह पंवार ने उत्तराखंड परिवहन आयुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि 2016 से जिला प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा चुनाव में अधिकृत वाहनों का किराया आज के समय पर उसी दर से दिया जा रहा है, जो बहुत कम है.

पत्र के अनुसार कम किराया दर के साथ ही उन्होंने लिखा है कि चुनाव के दौरान अधिकृत किए जाने वाले चालकों को कोई सुविधा नहीं दी जाती है, जिससे वाहन संचालकों के साथ ही चालकों में भारी रोष है. उन्होंने कहा कि चालक जहां भी चुनावी ड्यूटी पर जाते हैं, उन्हें वोट देने का अधिकार तक नहीं है, जो लोकतंत्र के नियमों के खिलाफ है.

सुंदर सिंह पंवार ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मामले का संज्ञान लेने को कहा है. साथ ही चुनाव ड्यूटी के लिए वाहनों का किराया बढ़ाने और वाहन चालकों को भोजन, रहने की जगह और बैलेट पेपर के जरिए वोट देने का अधिकार देने की मांग की गई है. उन्होंने परिवहन आयुक्त को पत्र लिखकर बोलेरो वाहन के लिए प्रतिदिन 1800 रुपये और इनोवा वाहन के लिए 2000 रुपये प्रति दिन और आराम के एवज में 500 रुपये का भुगतान करने की मांग की है।

बता दें कि 2016 में खरीदे गए वाहनों के एवज में 4 सीट वाली गाड़ियों के लिए 585 रुपये और 6 सीट की गाड़ियों के लिए 685 रुपये का भुगतान किया गया था.