मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
यमुना मसूरी पेयजल योजना के तहत उप जिला अधिकारी नरेश दुर्गापाल ने अपने कार्यालय में जल निगम अधिकारी के साथ बैठक कर 15 दिन के भीतर सभी सड़कों की मरम्मत करने का निर्देश दिया.

उत्तराखंड न्यूज़ मसूरी : एसडीएम ने 15 दिन के भीतर सभी सड़कों की मरम्मत करने का निर्देश दिया।
उप जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि पेयजल निगम द्वारा विभिन्न स्थानों पर सड़क खोदकर पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है और उसमें सुधार नहीं किया जा रहा है. जिसके संबंध में पेयजल निगम के अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी सड़कों की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया है ताकि मसूरी की आम जनता को कोई परेशानी न हो. वहीं, चुनाव के दौरान मतदान दलों की आवाजाही में कोई दिक्कत न हो, उप जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिस तरह से सड़क की खुदाई की जा रही है, उसे तत्काल ठीक कराया जाए. पेयजल निगम के सहायक अभियंता विनोद रतूड़ी ने कहा कि 15 दिनों के भीतर सभी सड़कों को ठीक कर दिया जाएगा और काम में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी. साथ ही उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से अनुमति नहीं मिलने से काम में देरी हो रही है. इस मौके पर बैठक में मौजूद नगर पार्षद गीता कुमाई ने बताया कि उन्होंने डिप्टी कलेक्टर को सुझाव दिया कि मसूरी में सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए और प्रत्येक वार्ड में कार्य की तिथि निर्धारित की जाए. इसके साथ ही जहां से सड़कों की खुदाई की गई है, वहां मार्ग पर साइन बोर्ड लगाकर यातायात को सुगम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विभाग जहां भी काम करे उसे पहले पूरा किया जाए फिर आगे का काम किया जाए.
पांच सौ मीटर का काम पूरा करने के बाद विभाग उसे ठीक कराकर ही काम करे। और जहां काम चल रहा है वहां रूट डायवर्ट किया जाए ताकि लोग उस रूट का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि माल रोड पर काम जल्द शुरू किया जाना है, इसमें विभाग को पूरी सावधानी रखनी होगी ताकि किसी को परेशानी न हो. उन्होंने यह भी कहा कि काम में गुणवत्ता की कमी नहीं होनी चाहिए. ज्ञात हुआ है कि जन निगम ने पानी की लाइन डालने के लिए सड़कें खोद दीं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, कई दुपहिया वाहन व पैदल चलने वाले उखड़ी बजरी में फिसल कर चोटिल हो चुके हैं। वहीं विभाग की ओर से कई जगहों पर सड़क की मरम्मत कराई गई, लेकिन खराब मरम्मत के चलते सड़क बनते ही टूट गई और इसका मलबा सड़कों पर बिखरा पड़ा है, जिससे हादसे हो रहे हैं. अब विभाग ने 15 दिन में सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया है।

