श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त मीडिया प्रभारी डॉ. अजय उपाध्याय ने कहा कि अमर जवान ज्योति पिछले 50 वर्षों से लगातार जल रही है. यह हमारी वीरता, साहस, बलिदान और स्वाभिमान का प्रतीक है, लेकिन आज इसे बुझाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार देश की ऐतिहासिक विरासत को नष्ट करने की कोशिश कर रही है।
श्रीनगर कांग्रेस कार्यालय में उत्तराखंड कांग्रेस विधानसभा चुनाव के मीडिया प्रभारी डॉ. अजय उपाध्याय ने कहा कि 50 साल से इंडिया गेट पर स्थापित अमर जवान ज्योति का नया पता अब वॉर मेमोरियल होगा . उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका विरोध करती है। केंद्र सरकार स्वतंत्रता के प्रतीकों को नष्ट करने की कोशिश कर रही है।
अजय उपाध्याय ने कहा कि शहीदों के बलिदान और वीरता के प्रतीकात्मक स्थान को बदलने और लगातार जलती हुई लौ को बुझाने के लिए एक दुष्चक्र बनाया जा रहा है। भ्रम फैलाने में बीजेपी को महारत हासिल है. पिछले पांच सालों में विकास के नाम पर झूठा बयान देने वाली भाजपा की डबल इंजन सरकार ने उत्तराखंड की सरलता, सादगी और संस्कृति पर सिर्फ और सिर्फ चोट की है.
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल में न तो युवाओं को रोजगार देने का काम किया है और न ही पहाड़ों से पलायन को रोकने की कोशिश की है. युवाओं को रोजगार देने के नाम पर पिछले 5 साल से पूरे उत्तराखंड में भर्ती घोटालों का सिलसिला जारी है. जिससे पलायन बढ़ा है। उत्तराखंड में हो रहे पलायन को रोकने की न तो भाजपा की कोई मंशा है और न ही कोई ठोस नीति।
चार डिजिटल केंद्र खोलेगी कांग्रेस: कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण पर्यटन उद्योग और पर्यटन कारोबारी बर्बाद हो गया है. बीजेपी ने महज पांच साल में एक के बाद एक मुख्यमंत्रियों को बदलने की योजना में महारत हासिल कर ली है. उन्होंने कहा कि डिजिटल अभियान के लिए प्रदेश में चार मीडिया सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जो हल्द्वानी, श्रीनगर, देहरादून, अल्मोड़ा से संचालित होंगे, कांग्रेस पार्टी इन केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं से जुड़ने का काम करेगी.
इस मौके पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह पुंडीर, कैप्टन सते सिंह भंडारी, नगरपालिका अध्यक्ष पूनम तिवारी, मीडिया प्रभारी लाल सिंग नेगी, महिला अध्यक्ष मीना रावत, बसंती जोशी, रजनी, रेखा रावत, रेखा अग्रवाल, युद्धवीर सिंह, राजेश जुगरान, विरेंद्र सिंग नेगी आदि उपस्थित थे।

