देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड के निर्माण का विरोध करने वाले आज स्वाभिमान की बात कर रहे हैं. जिन लोगों ने कभी चारधाम के बारे में नहीं सोचा, वे आज ‘चार धाम-चार काम’ का नारा दे रहे हैं। बीजेपी ने चारधाम को जोड़ने के लिए ऑल वेदर रोड पर काम दिखाया है. राज्य की जनता जानती है कि किसने क्या किया। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी इस बार विधानसभा चुनाव में पिछले चुनाव से ज्यादा सीटें जीतेगी.

जोशी ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस आज किस स्वाभिमान की बात कर रही है. सभी जानते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनकी टीम ने उत्तराखंड के निर्माण का विरोध किया था। बीते दिन कांग्रेस के लोग डांस करते दिखे. ये वही लोग हैं, जो पिछली बार हुए स्टिंग में कह रहे थे कि आपको जो लूटना है लूट लो, मैं आंखें बंद कर लूंगा । उन्होंने सवाल किया कि क्या यह स्वाभिमान है। साथ ही कहा कि जिन्होंने कभी चारधाम के बारे में नहीं सोचा। अयोध्या, काशी के बारे में नहीं सोचा था, आज वे चारधाम के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने डांस नहीं, काम दिखाया है.

भाजपा नेता जोशी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा किए गए कार्यों को जनता जानती है। तुष्टीकरण के लिए शुक्रवार को छुट्टी देने की बात कही थी ? उन्होंने कहा कि हरीश रावत को लगता है कि लोग मूर्ख हैं, लेकिन राज्य की जनता समझदार है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य को लूटने को स्वाभिमान मानती है और आज राज्य को लूटने वाले एक हो गए हैं. एक सवाल पर उन्होंने कहा कि जब पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे, तब सभी जानते हैं कि हरीश रावत को लेकर उनके द्वारा क्या बयान दिए गए थे.

मोदी, शाह और नड्डा की रैलियां संभव

पूछे जाने पर जोशी ने कहा कि हम इस पर भी नजर रख रहे हैं कि चुनाव आयोग 31 जनवरी को चुनाव प्रचार को लेकर क्या कार्रवाई करता है. यदि आयोग रैली की अनुमति देता है, तो भाजपा का प्रयास होगा कि राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कम से कम एक रैली हो।