पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM

जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बेड पर लावारिस कुत्ते आराम कर रहे हैं. इन आवारा कुत्तों को अस्पताल परिसर में घुसने से रोकने के लिए गार्ड भी तैनात नहीं है। ठंड के कारण इन दिनों अस्पताल में मरीजों की संख्या कम है, यहां आने वाले मरीजों को भी इन कुत्तों से डर लगता है. इसके अलावा कई बार कुत्ते भी ड्यूटी रूम में पहुंच जाते हैं। लावारिस कुत्तों के इस तरह से मरीजों के लिए बनाए गए बेड में आराम करने से भी बीमारी होने की आशंका रहती है।

दो माह पूर्व जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए डीएम ने लावारिस पशुओं के परिसर में प्रवेश पर ध्यान देने की बात कही थी. इसके बावजूद लावारिस कुत्ते न सिर्फ परिसर में बल्कि मरीजों के बिस्तर पर भी सो रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से अस्पताल में कोई सुरक्षा गार्ड नहीं है, जो कुत्तों को भगा सके. अब वहां पर तैनात कर्मी कुत्ते के पीछे डंडा लेकर जाएं या मरीजों का ध्यान रखें . उनके लिए भी यह बहुत मुश्किल है।

जिला अस्पताल में पिछले कुछ समय से सुरक्षा गार्ड नहीं है। गार्ड की तैनाती के लिए पत्र लिखा गया है। ऐसे में मरीजों का इलाज कर रहे कर्मियों से बचकर कुत्ते अंदर आ गए होंगे. कुत्ते जब भी अंदर आने की कोशिश करते हैं तो उन्हें भगा दिया जाता है। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।

केसी भट्ट, पीएमएस, जिला अस्पताल