देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में ठंड से लोगों को राहत नहीं मिल रही है. मौसम विभाग ने आज 30 जनवरी को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए सर्द दिन रहने का अनुमान जताया है। वहीं, मौसम विभाग ने भी पर्वतीय जिलों में कई-कई पर पाला पड़ने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में कड़ाके की ठंड का पूर्वानुमान जताया है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। यहां बता दें कि न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाने पर मौसम विभाग शीत लहर की घोषणा करता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. इन दो दिनों में तापमान में भारी गिरावट आएगी. वहीं मैदानी जिलों में कई जगहों पर कोहरे और शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा. अगले सप्ताह राज्य में हल्की बारिश की भी संभावना है।
गौरतलब है कि बर्फीली हवाएं सर्दी बढ़ा रही हैं। उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर तेज हो गया है। पहाड़ों की बर्फीली हवाएं चार से पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मैदानी इलाकों में अपना असर दिखा रही हैं. इससे शीतलहर के साथ ही रात में पारा कम होने लगा है और सुबह के समय नदियों के आसपास घना कोहरा छाया रहता है.

