देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर उत्साह तेज हो गया है. नामांकन के बाद राजनीतिक दल और उनके उम्मीदवार स्टार प्रचारकों के साथ चुनावी मैदान में उतर गए हैं. बीजेपी के बड़े नेता जहां उत्तराखंड आ रहे हैं और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसमें पिछड़ रही है. हालांकि अब 2 फरवरी को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वर्चुअल रैली के जरिए उत्तराखंड की जनता को संबोधित करेंगी.

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव मथुरा दत्त जोशी ने प्रियंका गांधी की उत्तराखंड में होने वाली वर्चुअल रैली की जानकारी दी है. उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और उम्मीदवारों को 2 फरवरी को होने वाली प्रियंका गांधी की अपनी-अपनी विधानसभाओं में वर्चुअल रैली की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. ताकि प्रियंका गांधी का संबोधन ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके.

बता दें कि उत्तराखंड में प्रियंका गांधी की कोई बड़ी रैली नहीं हुई है। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 की अधिसूचना जारी होने से पहले गढ़वाल और कुमाऊं में प्रियंका गांधी के लिए एक-एक रैली का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन कोरोना के बढ़ते मामले के बाद कांग्रेस ने रैली को टाल दिया है. उसके बाद चुनाव आयोग ने ही राजनीतिक रैलियों पर रोक लगा दी थी। हालांकि पूर्व में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चुनावी गीत को लॉन्च करने देहरादून जरूर पहुंचे थे। उन्होंने यहां प्रेस कांफ्रेंस भी की थी ।

वहीं, बीजेपी की बात करें तो पार्टी ने अपने नेताओं को जमीन पर उतारा है. हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित ने रुद्रप्रयाग में घर-घर जाकर प्रचार किया था। राज्य स्तर पर बीजेपी के तमाम बड़े नेता घर-घर जाकर प्रचार और वर्चुअल रैलियां करने में लगे हुए हैं. कांग्रेस इस मामले में थोड़ी पीछे नजर आ रही है।