रुड़की , PAHAAD NEWS TEAM
रामनगर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नगरवासियों ने जोरदार स्वागत किया. इस दौरान सीएम धामी से मिलने के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मंच पर जमा हो गई. इसी बीच सुरक्षाकर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इसके साथ ही जनसभा में कोरोना के दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ती नजर आई ।
बता दें, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुड़की के रामनगर में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप बत्रा के कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे. जहां एक जनसभा का भी आयोजन किया गया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछले पांच-सात साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों देश आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है. तो वहीं दुनिया में भारत का सम्मान भी बढ़ा है।
इस मौके पर उन्होंने रुड़की की जनता से अपील करते हुए कहा कि एक बार फिर बीजेपी को विधानसभा चुनाव में जीत दिलानी होगी, ताकि राज्य का विकास डबल इंजन सरकार के तहत हो सके. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को हजारों करोड़ की विकास योजनाएं दी हैं। प्रदेश के विकास की दिशा में लगातार प्रगति हो रही है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य में चार सौ करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया गया है. इसलिए जरूरी है कि उत्तराखंड राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बने। सीएम धामी ने कहा कि उन्होंने शहर के लोगों से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप बत्रा को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की है.

