हरिद्वार, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सभी प्रत्याशी जनता को रिझाने के लिए अपने-अपने तरीके से प्रचार में लगे हैं. कोई चूल्हे पर चाय बना रहा है तो कोई समोसा और टिक्की फ्राई कर रहा है. इसी कड़ी में हरिद्वार शहर सीट से एक ऐसा प्रत्याशी भी है जो गांधीवादी अंदाज में लोगों के बीच पहुंच रहा है. उनके इस अंदाज को लोग खूब पसंद भी कर रहे हैं.
दरअसल, हरिद्वार शहर विधानसभा सीट से समाजवादी प्रत्याशी सरिता अग्रवाल (सपा प्रत्याशी सरिता अग्रवाल) ढोल नगाड़ों से नहीं बल्कि गांधीवादी अंदाज में प्रचार कर रही हैं. सरिता अग्रवाल घरों में जाकर लोगों को फूल देकर उन्हें जिताने की अपील कर रही हैं. सरिता अग्रवाल का यह अंदाज भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं. हालांकि इस अभियान में उनसे कोविड नियमों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं.
सरिता अग्रवाल का कहना है कि वह बिना शोर मचाए गांधीवादी तरीके से वोट मांग रही हैं. नशे की लत से हरिद्वार के लोग परेशान हो गए हैं। ऐसे में वह लोगों को बता रही हैं कि वे अपने बच्चों को ड्रग्स से कैसे दूर रख सकते हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के गठन के बाद से ही राज्य की जनता राज्य सरकारों की कुशासन से परेशान है. ऐसे में प्रदेश की जनता ने इस बार बदलने का मन बना लिया है.

