हरिद्वार, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट पर है. चुनाव को देखते हुए पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को कनखल गुलाब बाग कॉलोनी के एक घर में शराब होने की सूचना दी. जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर मौके से 20 पेटी शराब बरामद की है. इसके अलावा पुलिस को कुछ और नशीला पदार्थ भी मिला है। जिसके बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.

बताया जा रहा है कि देर शाम ही इस घर में शराब की पेटियां लाई गई थीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि जिस घर में शराब की पेटियां मिली हैं वह भाजपा के एक पदाधिकारी का है. जहां यह शराब मतदाताओं को लुभाने और बांटने के लिए चुनाव के दौरान लाई गई है. वहीं देर रात कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी भी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह नशे के खिलाफ पहली और सबसे बड़ी जीत है. ऐसे में कांग्रेस के सत्ता में आते ही हरिद्वार से नशे का बढ़ता चलन खत्म हो जाएगा।

पुलिस का कहना है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कनखल के गुलाब बाग कॉलोनी में अवैध शराब की जानकारी दी थी. जिसके बाद मौके पर छापेमारी की गयी. घर का ताला तोड़कर घर से करीब 20 पेटी शराब बरामद की गई है। वहीं यह मकान भाजपा के एक पदाधिकारी का बताया जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि शराब की यह खेप चुनाव को प्रभावित करने के लिए कनखल लाई गई थी। जिसे मतदाताओं में बांटना था। उनका कहना है कि प्रशासन को ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए ताकि विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें.