देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

भाजपा महानगर ने 13 पदाधिकारियों व सदस्यों को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के आरोप में बाहर का रास्ता दिखा दिया है. इनमें धर्मपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी वीर सिंह पंवार और कैंट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश रावत का नाम शामिल है।

देहरादून शहर की कुछ सीटों पर भाजपा में लंबे समय से विरोध के स्वर गूंज रहे हैं। कुछ सीटों पर बीजेपी में बगावत भी खुलकर सामने आ रही है. भाजपा महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने बड़ा कदम उठाते हुए 13 पदाधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों के सदस्यों को पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी किया है.

उनका कहना है कि कुछ पदाधिकारी और सदस्य लंबे समय से पार्टी के खिलाफ काम कर रहे थे. कई बार उन्हें चेतावनी भी दी गई, लेकिन उन्होंने नहीं सुनी। भाजपा द्वारा विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद विरोध और बढ़ गया था । कुछ ने तो खुलेआम बगावत भी कर दी और निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गए। ऐसे में महानगर भाजपा ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है.

इन्हें निष्कासित कर दिया

पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीर सिंह पंवार, वरिष्ठ कार्यकत्र्ता दिनेश रावत, मंडल मंत्री अबल सिंह बिष्ट, युवा मोर्चा सदस्य सौरभ उनियाल, बूथ अध्यक्ष सूरज मेहरा, पूर्व महानगर सह मीडिया प्रभारी गिरिराज उनियाल, मंडल महामंत्री विनोद रावत, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गणेश उनियाल, सदस्य उमेश पुंडीर, सदस्य राजन पंवार और पूर्व जिला महामंत्री गजेंद्र पंवार।